
राजस्थान में नए वेदर सिस्टम के कारण बारिश हुई। उदयपुर में अंधड़ से खेरवाड़ा में मकान की दीवार गिर गई। कई जगह टीनशेड उड़ गए। नागौर में तूफानी बारिश के साथ ओले भी गिरे। जैसलमेर के रामदेवरा में बरसात का पानी दुकानों में घुस गया। सीकर में नवलगढ़ और पिपराली रोड पर दो-दो फीट पानी भर गया।
आंधी-बारिश की चेतावनी के कारण नागौर की दो मंडी में आज छुट्टी रही। बारिश-ओलावृष्टि से फसलों को भी नुकसान हुआ है।
मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 8 अप्रैल को भी इस सिस्टम का असर रहेगा। वहीं, 9 अप्रैल से मौसम साफ रहने की संभावना है।
रेगिस्तानी जिलों में तेज बरसात
मौसम केंद्र जयपुर के अलर्ट के बीच मंगलवार सुबह से प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई। बीकानेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर जिलों के कई इलाकों में तेज बारिश के कारण तापमान में गिरावट हुई है। इससे पहले यहां बिजली भी चमकी।
