झुंझुनूं में एक विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। इधर, रविवार सुबह जब मृतका सबीना (24) का पति और ससुराल वाले मॉर्च्युरी के बाहर पहुंचे तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया और आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि एक-दूसरे के साथ मारपीट करने लगे।
मामला जिले के धनूरी थाना क्षेत्र के कोलिंडा गां का है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
ढाई साल पहले हुई थी शादी, परेशान करने का लगाया आरोप
जानकारी के अनुसार सबीना उर्फ सोनू पुत्री सलेमुद्दीन का निकाह करीब ढाई वर्ष पहले कोलिंडा निवासी इकरार खान के साथ हुआ था।
परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपनी शादी में सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और बाकी सामान दिया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर सबीना को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे।
छुट्टी पर आया था फौजी पति
मृतका का पति इकरार खान भारतीय सेना की 16 ग्रेनेडियर्स यूनिट में तैनात है और वर्तमान में उसकी पोस्टिंग कुपवाड़ा में है। बताया जा रहा है कि इकरार घटना से कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आया हुआ था। पीहर पक्ष का आरोप है कि सबीना की मौत सामान्य आत्महत्या नहीं बल्कि सोची-समझी हत्या है, जिसे अब आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।
मोर्च्युरी के बाहर उपजा तनाव, हुई मारपीट
घटना की सूचना पर धनूरी थाना पुलिस और डिप्टी हरि सिंह धायल जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मलसीसर के उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।
पोस्टमॉर्टम के दौरान अस्पताल परिसर में पीहर और ससुराल पक्ष के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए। इस दौरान दोनों पक्षों में तीखी कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करवाया।
हत्या का मामला दर्ज
पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए पीहर पक्ष को सौंप दिया है। डिप्टी हरि सिंह धायल ने बताया कि मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस हर पहलू से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

