भारत-पाक बॉर्डर पर डेनमार्क का नागरिक पकड़ा:सवालों के जवाब देने के बाद थाने में रोने लगा, 7 महीने पहले वीजा पर आया था

बीकानेर में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर के पास खाजूवाला क्षेत्र से विदेशी नागरिक को पकड़ा है। डेनमार्क का रहने वाला युवक करीब सात महीने पहले एक साल के वीजा पर भारत आया था। पकड़े जाने पर उसने कुछ सवालों के जवाब अंग्रेजी में दिए, इसके बाद चुप हो गया। थाने ले जाने पर वहां रोने लगा। फिलहाल उसे आगे की पूछताछ के लिए जॉइंट इंटरोगेशन सेंटर (JIC) भेजा गया, जहां उससे गहन जांच की जा रही है। घटना शनिवार शाम की है।

बाजार में घूमते मिला विदेशी युवक

खाजूवाला थानाधिकारी सुरेन्द्र प्रजापत ने बताया – खाजूवाला बाजार के हॉस्पिटल रोड पर एक विदेशी युवक संदिग्ध स्थिति में घूमता हुआ दिखाई दिया। इस एरिया में आमतौर पर विदेशी नागरिक नहीं आते हैं ऐसे में स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना कर दी। सूचना मिलते ही एएसआई किशन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंचा।

BSF व सुरक्षा एजेंसियां भी पहुंचीं

मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी मौके पर बुलाया गया। सभी एजेंसियों ने मिलकर युवक से पूछताछ की, लेकिन उसके सामान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

पूछताछ में खुद को डेनमार्क का बताया

प्राथमिक पूछताछ में युवक ने खुद को डेनमार्क का निवासी बताया। वह सितंबर में एक साल के टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। शुरुआत में उसने कुछ अंग्रेजी में जवाब दिए, लेकिन बाद में चुप हो गया और थाने में रोने लगा।

आगे की जांच के लिए बीकानेर भेजा

पुलिस ने युवक को आगे की विस्तृत जांच के लिए बीकानेर स्थित जॉइंट इंटरोगेशन सेंटर (JIC) भेज दिया है। सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से मामले की जांच कर रही हैं।

सीमावर्ती क्षेत्र में विदेशी प्रवेश पर पाबंदी

गौरतलब है कि खाजूवाला क्षेत्र पाकिस्तान सीमा के नजदीक है। ऐसे में यहां विदेशी नागरिकों के आने के लिए विशेष अनुमति आवश्यक होती है। माना जा रहा है कि जानकारी के अभाव में युवक इस क्षेत्र में पहुंच गया। उसके पास वैध पासपोर्ट और एक साल का वीजा मिला है, लेकिन सीमावर्ती क्षेत्र में आने की अनुमति नहीं थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *