चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो प्रमुख जैसलमेर
*मुख्यमंत्री कार्यालय के पर्यवेक्षक लक्ष्मी शर्मा ने लाणोला गांव में राजीविका महिलाओं के आत्मविश्वास और आजीविका मॉडल की सराहना की*
मुख्यमंत्री कार्यालय की पर्यवेक्षक लक्ष्मी शर्मा ने मंगलवार को लाणोला गांव का दौरा कर राजीविका के अंतर्गत संचालित राजीविका स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से विस्तृत संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं द्वारा संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों का अवलोकन किया तथा उनके कार्यों की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
संवाद कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने समूह से जुड़ने के बाद अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों, आर्थिक आत्मनिर्भरता, बचत की आदत तथा स्वरोजगार के माध्यम से बढ़ी आय के अनुभव साझा किए। महिलाओं ने बताया कि राजीविका के सहयोग से वे न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं, बल्कि सामाजिक स्तर पर भी उनकी पहचान और भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
पर्यवेक्षक लक्ष्मी शर्मा ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण विकास की मजबूत नींव हैं तथा महिलाओं की मेहनत, लगन और सामूहिक प्रयास राज्य के लिए प्रेरणा का विषय हैं। उन्होंने महिलाओं को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने, उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा समूह गतिविधियों का विस्तार करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक, राजीविका जैसलमेर, श्री अशोक कुमार गोयल, जिला रिसोर्स सेल, राजीविका के इस्लामद्दीन एवं कैलाशचंद्र पालीवाल अतिरिक्त विकास अधिकारी, जिला परिषद जैसलमेर उपस्थित रहे। अधिकारियों ने समूह की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि राजीविका के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के जीवन में व्यापक परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं और यह मॉडल अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रहा है।
अधिकारियों ने महिलाओं के साथ बैठकर उनकी आजीविका गतिविधियों, समूह प्रबंधन, वित्तीय समावेशन एवं भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। इस दौरान महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों और संचालित कार्यों का निरीक्षण भी किया गया। अधिकारियों ने महिलाओं के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सामुदायिक विकास में उनकी सक्रिय भूमिका की प्रशंसा की।
गांव में आयोजित यह संवाद कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, राजीविका कार्मिक, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने राजीविका के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने और सम्मानजनक जीवन जीने की नई दिशा प्रदान की है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के पर्यवेक्षक लक्ष्मी शर्मा ने लाणोला गांव में राजीविका महिलाओं के आत्मविश्वास और आजीविका मॉडल की सराहना की*
