जैसलमेर

चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो जैसलमेर
*जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने ग्राम पंचायत सांगड़ में की जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल*

*आमजन की समस्याओं को सुना, अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश*

*राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर दिया जोर*

जैसलमेर, 8 मई। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत सांगड़ में आयोजित जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और उन्होंने पेयजल, विद्युत, सड़क, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, चिकित्सा, शिक्षा तथा ओरण सहित विभिन्न विषयों से जुड़ी समस्याएं जिला कलक्टर के समक्ष रखीं।

जिला कलक्टर ने प्रत्येक परिवाद को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रशासन को गांवों तक पहुंचाकर आमजन को राहत प्रदान करना है और इसी सोच के तहत जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता बनाए रखें एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करें।

रात्रि चौपाल के दौरान जिला कलक्टर ने ग्रामीणों को बालिका शिक्षा, एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकतम लाभ उठाएं एवं गांव के समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

जिला कलक्टर ने रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों को जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक 15 मई तक अपने स्व-गणना प्रपत्र अनिवार्य रूप से भरें, ताकि जनगणना कार्य सुगमता एवं पारदर्शिता के साथ पूर्ण हो सके। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है, जिससे योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंच सके।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह सांदू, उपखंड अधिकारी भारत गुर्जर, विकास अधिकारी केवा राम, तहसीलदार नखत सिंह, सरपंच संतोष कंवर, पूर्व सरपंच शंभू दान भीलनी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, कार्मिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विभागवार योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही करने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *