जैसलमेर

चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो जैसलमेर
*जिला कलक्टर ने जवाहिर चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण*
*एमसीएच यूनिट सहित विभिन्न वार्डों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा,*
*सफाई एवं चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश*
जैसलमेर, 7 मई। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने गुरुवार को जवाहिर चिकित्सालय स्थित एमसीएच यूनिट सहित विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल, वार्ड प्रबंधन सहित अन्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जिला कलक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने, टॉयलेट्स की नियमित साफ-सफाई करवाने तथा मेडिकल वेस्ट का निर्धारित मानकों के अनुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर सफाई ठेकेदार को नोटिस जारी करने के भी निर्देश प्रदान किए।
जिला कलक्टर जोरवाल ने अस्पताल के सभी वार्डों में नियमित साफ-सफाई, समय पर चादरें बदलने, मरीजों को शीतल पेयजल उपलब्ध करवाने तथा मरीजों के परिजनों के लिए पर्याप्त छाया एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज एवं परिजन को संवेदनशील एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
*मरीजों एवं परिजनों से लिया सुविधाओं का फीडबैक*
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर जोरवाल ने एमसीएच यूनिट की ओपीडी, शिशु रोग विभाग, गायनी ओपीडी, सोनोग्राफी कक्ष, प्रयोगशाला, डीडीसी काउंटर सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार एवं सुविधाओं की जानकारी प्रधान चिकित्सा अधिकारी, वार्ड प्रभारी, एमसीएच यूनिट प्रभारी तथा ड्यूटी पर उपस्थित नर्सिंग स्टाफ से ली।
इस दौरान जिला कलक्टर ने मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर निशुल्क दवा, निशुल्क जांच एवं अन्य चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। मरीजों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष व्यक्त किए जाने पर उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों एवं स्टाफ की सराहना करते हुए सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं संवेदनशील बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जवाहिर चिकित्सालय के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवींद्र सांखला सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *