Rajasthan//रामगढ़ के बड़ौदामेव में कांग्रेस ने आर्यन के समर्थन में की बड़ी सभा ; भरतपुर सांसद संजना जाटव ने झोली फैलाकर मांगे वोट

कांग्रेस की स्टार प्रचारक सांसद संजना जाटव झोली फैलाकर कांग्रेस प्रत्याशी के लिए वोट मांगती नजर आईं। संजना भरतपुर से कांग्रेस सांसद हैं। पार्टी ने उपचुनाव के लिए उन्हें स्टार प्रचारकों की लिस्ट में रखा है। शुक्रवार को उनका एक वीडियो सामने आया। इसमें वे रामगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी आर्यन जुबेर खान के लिए रामगढ़ इलाके में जाकर झोली फैलाकर वोट मांगे।
अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय है। संजना जाटव के डांस का वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था। रामगढ़ के बड़ौदामेव इलाके में शुक्रवार को आर्यन के लिए जनसभा का आयोजन किया गया था। इसमें कांग्रेस के दिग्गज नेता मंच पर पहुंचे थे। इनमें संजना जाटव भी थीं।
संजना जाटव राजस्थान में 7 सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए जमकर प्रचार कर रही हैं। स्टार प्रचारक होने के नाते वे भरतपुर से लगते रामगढ़ इलाके में आर्यन जुबेर खान के लिए प्रचार कर रही हैं।
संजना ने जब लोकसभा चुनाव लड़ा था, उस वक्त भी उनके वीडियो सोशल मीडिया पर काफी शेयर किए गए थे। इनमें वे महिलाओं के साथ डांस करती नजर आईं थीं। संजना खेती-किसानी से भी जुड़ी हैं और घर व खेत के काम करते उनके वीडियो भी सामने आते रहते हैं।
अलवर के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र का उप चुनाव बीजेपी ने सुखवंत सिंह को टिकट दिया है। वहीं कांग्रेस ने यहां से विधायक रहे दिवंगत नेता जुबेर खान के बेटे आर्यन को मैदान में उतारा है। जुबेर के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी। कांग्रेस ने इस सीट पर सहानुभूति कार्ड खेला है।
आर्यन के समर्थन में रामगढ़ के बड़ौदामेव में शुक्रवार को कांग्रेस की बड़ी सभा हुई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सांसद भजनलाल जाटव, सांसद संजना जाटव शामिल रहे। 13 नवंबर को यहां मतदान होगा, जिसमें करीब 2 लाख 73 हजार मतदाता रामगढ़ विधानसभा के विधायक का निर्णय करेंगे।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सभा में कहा- रामगढ़ में इस बार बेहद दिलचस्प चुनाव बन गया है। हालात यह हैं कि मुख्यमंत्री भजनलाल को दोबारा रामगढ़ आना पड़ रहा है। ऐसा लग रहा है कि एक बार में उनका काम नहीं हो रहा, इसलिए बार-बार आना पड़ रहा है
केंद्रीय मंत्री और राजस्थान के मंत्री सब रामगढ़ में ही तैनात हैं, जबकि राज्य के अन्य छह स्थानों पर भी चुनाव हो रहे हैं। रामगढ़ के समझदार लोग जानते हैं कि चाहे कोई मंत्री आए या मुख्यमंत्री, उनकी समझ और मत बदलने वाला नहीं है।
सरकार के मंत्री गांवों में लोगों से वोट मांगते समय खाद, पेंशन, स्कॉलरशिप और बेरोजगारी भत्ता के बारे में सवालों का सामना कर रहे हैं। जब ये सवाल उठते हैं तो मंत्री जवाब देने के बजाय वहां से निकल जाते हैं। भाजपा सरकार इन मुद्दों को हिंदुत्व के नाम पर भटकाने की कोशिश कर रही है, जबकि यह चुनाव देश के संविधान का है और लोगों को गुमराह करने के लिए तरह-तरह की बातें बनाई जा रही हैं।
कांग्रेस नेता भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा- जुबेर खान हमारे परिवार के सदस्य थे, उन्होंने हर जाति और धर्म का सम्मान किया है। भाजपा के नेताओं ने चुनाव में जाति-धर्म के मुद्दे उठाए, लेकिन जुबेर खान ने जनता के छोटे-बड़े काम किए थे।
पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- जुबेर खान ने भाईचारे, ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ विकास के कार्य किए। सरकार ने किसानों के लिए कोई लाभकारी योजना लागू नहीं की है। भाजपा ने संकल्प पत्र में बाजरे की एमएसपी पर खरीद का वादा किया था, लेकिन आज तक वह शुरू नहीं हुई।
कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने किसानों का ऋण माफ करने से इनकार कर दिया और किसानों की नीयत पर सवाल उठाए।
https://www.facebook.com/profile.php?id=61568197989046
https://chanakyanewsindiarajasthan.com/
https://www.chanakyanewsindia.com/
Rajasthan; राज्यश्री कुमारी ने राहुल गांधी के बयान को आधारहीन और स्तब्ध करने वाला बताया
Rajasthan; भीलवाड़ा में धीरेन्द्र शास्त्री ने श्रीनाथजी के मंगला की झांकी के दर्शन किए