जयपुर में तेज रफ्तार कार कॉन्स्टेबल के ऊपर चढ़ी:नीचे दबने से हाथ-पसली टूटी, 100 किलोमीटर की रफ्तार में बैरिकेड्स तोड़े

जयपुर में तेज रफ्तार कार ने नाकाबंदी में तैनात पुलिसकर्मी को टक्कर मार गंभीर घायल कर दिया। बैरिकेड्स को टक्कर मारकर तोड़ डाला। ड्यूटी पर तैनात साथी पुलिसकर्मियों ने कार ड्राइवर को पकड़ा। ड्राइवर शराब के नशे में कार को 100 से अधिक स्पीड में दौड़ा रहा था। कार के नीचे दबने से घायल पुलिसकर्मी के हाथ-पसली टूटने पर SMS हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया है। करधनी थाना पुलिस ने सोमवार सुबह आरोपी ड्राइवर को कोर्ट में पेश कर जेसी भेज दिया।

SI चमन लाल ने बताया- करधनी के हरनाथपुरा निवासी दशरथ सिंह (52) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वह जयपुर पुलिस लाइन में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर है। 6-7 जून की दरमियानी रात उनकी ड्यूटी एसपी ऑफिस झोटवाड़ा 9 दुकान के सामने नाकाबंदी में लगी थी। नाकाबंदी में पुलिस कॉन्स्टेबल अमित गजराज, विक्रम और सुनीता भी साथ में ड्यूटी कर रहे थे।

रात करीब 2:15 बजे झोटवाड़ा की ओर से एक कार तेज रफ्तार में आती दिखी। हेड कॉन्स्टेबल दशरथ सिंह ने ड्राइवर को कार रोकने के लिए इशारा किया।

पुलिस नाकाबंदी को देखकर ड्राइवर ने कार की स्पीड ओर बढ़ा दी। करीब 100 से ज्यादा स्पीड में नाकाबंदी में लगे एक बैरिकेड्स एक के बाद एक टक्कर मारकर तोड़ दिए। एक पेड़ को टक्कर मारने के बाद सड़क पर साइड में खड़े कॉन्स्टेबल अमित गजराज (43) को चपेट में ले लिया।

टक्कर लगने से रोड पर गिरे कॉन्स्टेबल अमित के ऊपर कार चढ़ा दी। कॉन्स्टेबल के कार के नीचे दबे होने पर ड्राइवर ने भागने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने कार ड्राइवर को पकड़ लिया।

ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल दशरथ सिंह ने बताया- कार के नीचे फंसे कॉन्स्टेबल को निकालने के लिए राहगीरों को रुकवाया गया। लोगों की मदद से कार को उठाकर नीचे से घायल कॉन्स्टेबल अमित गजराज को निकाला गया। कॉन्स्टेबल का हाथ और पसलियां फ्रैक्चर होने पर SMS हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया।

नशे में ध्रुत था ड्राइवर

करधनी थाना पुलिस को आरोपी कार ड्राइवर हजारी गुर्जर को सौंपा गया। टक्कर मारने के दौरान कार ड्राइवर हजारी गुर्जर शराब के नशे में धुत था। पुलिस के मेडिकल करवाने पर 183.6 मिलीग्राम अल्कोहल पाया गया। करधनी थाना पुलिस ने दर्ज FIR पर आरोपी कार ड्राइवर हजारी गुर्जर (30) निवासी गांव काली धोबडी सांभर हाल गोविन्दपुरा करधनी को रविवार शाम अरेस्ट किया गया। पुलिस ने टैक्सी चलाने का काम करने वाले हजारी गुर्जर को सोमवार सुबह कोर्ट में पेश कर जेसी भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *