चंद्र प्रकाश पुरोहित
ब्यूरो Jaisalmer
संस्कारवान पीढ़ी से तय होता है राष्ट्र का भविष्य : शेखावत*
– हैप्पी ऑवर्स स्कूल के वार्षिक समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री का उद्बोधन
जोधपुर, 23 दिसंबर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की असली शक्ति उसकी भावी पीढ़ी के संस्कार, चरित्र और कर्तव्यबोध में निहित होती है। यदि बच्चों को सही दिशा, मूल्य और आत्मविश्वास दिया जाए तो वही पीढ़ी आगे चलकर देश के निर्माण की आधारशिला बनती है।

मंगलवार को हैप्पी ऑवर्स स्कूल के वार्षिक समारोह में केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि विद्यालयों के वार्षिक समारोह केवल मनोरंजन या उत्सव भर नहीं होते, बल्कि वे संस्थान की शैक्षणिक यात्रा, उसकी उपलब्धियों और सामूहिक प्रयासों का सजीव दस्तावेज होते हैं। यह मंच विद्यार्थियों की प्रतिभा को सामने लाने के साथ-साथ शिक्षकों और अभिभावकों के समर्पण को भी सम्मान देता है। हैप्पी ऑवर्स स्कूल केवल कक्षाओं और परीक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों के सपनों को आकार देने और उनके व्यक्तित्व को गढ़ने का केंद्र है। यहां अनुशासन, जिज्ञासा, रचनात्मकता और नैतिक मूल्यों को समान महत्व दिया जाता है, जो सच्ची शिक्षा की पहचान है।
JAISALMER ओबीसी आयोग अध्यक्ष श्री मदनलाल भाटी का जैसलमेर में
शिक्षकों की भूमिका पर शेखावत ने कहा कि इतिहास में भले ही राजा, योद्धा, वैज्ञानिक और नेता प्रसिद्ध हों, लेकिन उनके पीछे सदैव किसी शिक्षक का योगदान रहा है। शिक्षक केवल विषय नहीं पढ़ाते, वे विचारों को दिशा देते हैं, चरित्र को मजबूत करते हैं और जीवन का उद्देश्य स्पष्ट करते हैं। अभिभावकों से संवाद करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बच्चे जीवन का सबसे अधिक प्रभाव घर से ग्रहण करते हैं। यदि हम सच में एक सशक्त राष्ट्र बनाना चाहते हैं तो बच्चों को समय दें, उन्हें मार्गदर्शन दें और उनके भीतर नैतिकता, करुणा और जिम्मेदारी के भाव विकसित करें। उन्होंने कहा कि अधिकार आत्मविश्वास देते हैं, लेकिन कर्तव्य जीवन को दिशा प्रदान करते हैं।

विद्यार्थियों से शेखावत ने कहा कि कोई भी बच्चा साधारण नहीं होता। हर विद्यार्थी के भीतर ऐसी क्षमता होती है, जिसे सही अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर निखारा जा सकता है। उन्होंने कहा कि सफलता केवल अंक या पद से नहीं मापी जाती, बल्कि अपने सर्वश्रेष्ठ रूप को पहचानना और समाज के लिए उपयोगी बनना ही वास्तविक सफलता है।
विकसित भारत के निर्माण में शिक्षा की केंद्रीय भूमिका
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है, लेकिन कोई भी देश केवल भौतिक प्रगति से महान नहीं बनता। राष्ट्र की मजबूती उसके नागरिकों के चरित्र, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व से तय होती है। विद्यालय ही वह स्थान हैं, जहां विकसित भारत की नींव रखी जाती है। कार्यक्रम के अंत में शेखावत ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि हैप्पी ऑवर्स स्कूल भविष्य में भी जिम्मेदार, सक्षम और संस्कारित नागरिकों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।
